Central Samvad रायपुर 6 अक्टूबर 2026
नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने बिलासपुर के सकरी और कोनी में प्रधानमंत्री आवास योजना तथा पीएम ई-बस सेवा के निर्माणाधीन कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण की गुणवत्ता और प्रगति का जायजा लेते हुए अधिकारियों को कमियां दूर कर कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

सकरी में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत करीब 11 करोड़ 75 लाख रुपये की लागत से 261 आवास बनाए गए हैं। निरीक्षण के दौरान कुछ आवासों में टाइल्स और फिनिशिंग का काम अधूरा मिला। प्रमुख सचिव ने इसे जल्द पूरा करने के साथ परिसर में बाउंड्रीवाल, साफ-सफाई, बैठने की व्यवस्था और बच्चों के लिए खेल क्षेत्र विकसित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने 15 दिनों बाद कार्यों की दोबारा समीक्षा करने की बात कही।कोनी में पीएम ई-बस सेवा के तहत निर्माणाधीन टर्मिनल कॉम्प्लेक्स, सब-स्टेशन और चार्जिंग स्टेशन का भी निरीक्षण किया गया। बिलासपुर में 50 वातानुकूलित इलेक्ट्रिक बसें 12 मार्गों पर संचालित की जाएंगी।

इनमें 35 बसें 9 मीटर और 15 बसें 7 मीटर लंबी होंगी।ई-बस सेवा के लिए टर्मिनल, सब-स्टेशन और चार्जिंग स्टेशन निर्माण के लिए 11 करोड़ 45 लाख रुपये स्वीकृत हैं। सिविल अधोसंरचना का करीब 70 प्रतिशत और सब-स्टेशन का 80 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है।

यात्रियों की सुविधा के लिए टर्मिनल में कैफेटेरिया और रैनबसेरा विकसित करने की भी योजना है।

