Central Samvad, रायपुर, 12 नवंबर 2026
छत्तीसगढ़ में निर्वाचन प्रक्रिया को अधिक व्यवस्थित बनाने के लिए निर्वाचन संबंधी विभिन्न अधिनियमों में संशोधन के प्रस्ताव पर मंत्रालय महानदी भवन में उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। मुख्य सचिव श्री विकासशील की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में निर्वाचन अपराधों से जुड़े कानूनों और उनके प्रावधानों की समीक्षा की गई।

बैठक में छत्तीसगढ़ स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन (अपराध) अधिनियम, कोलाहल नियंत्रण अधिनियम, संपत्ति विरूपण निवारण अधिनियम, लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, भारतीय न्याय संहिता (BNS), नगरपालिक निगम अधिनियम, नगर पालिका अधिनियम और पंचायत राज अधिनियम से संबंधित प्रावधानों पर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक में मुख्य सचिव ने सामान्य प्रशासन विभाग के अधिकारियों को आगामी 10 वर्षों की विभागीय आवश्यकताओं के अनुसार पदों के सृजन, प्रशासनिक ढांचे और पुनर्गठन की रूपरेखा तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने मंत्रालय में कार्यरत कर्मचारियों की सुविधा के लिए बेहतर यातायात व्यवस्था उपलब्ध कराने के संबंध में भी आवश्यक कदम उठाने को कहा।
बैठक में गृह एवं जेल विभाग की प्रमुख सचिव निहारिका बारिक, विधि एवं विधायी कार्य विभाग के प्रमुख सचिव मनीष कुमार ठाकुर, लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार, वित्त एवं जनसंपर्क विभाग के सचिव डॉ. रोहित यादव तथा सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव अविनाश चंपावत सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

