Central Samvad रायगढ़, 14 नवंबर 2026
राज्यपाल रमेन डेका ने रायगढ़ के शासकीय पॉलिटेक्निक ऑडिटोरियम में शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी मेमोरियल ट्रस्ट द्वारा आयोजित शौर्य दिवस समारोह में शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके परिजनों का सम्मान किया।राज्यपाल ने कहा कि शहीदों का बलिदान राष्ट्र की अमूल्य धरोहर है।

एक सैनिक के बलिदान में उसका पूरा परिवार भी त्याग करता है। शहीद परिवारों का सम्मान और उनके सुख-दुख में सहभागी बनना हम सभी की नैतिक जिम्मेदारी है।

उन्होंने सुरक्षा बलों के साहस और नक्सलवाद के विरुद्ध उनके योगदान को याद करते हुए युवाओं से शहीदों के साहस, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।

इस अवसर पर राज्यपाल ने भारतीय सेना में जाने के इच्छुक विद्यार्थियों को प्रोत्साहन राशि भी प्रदान की। इनमें सैनिक स्कूल के पांच विद्यार्थी, कक्षा 9वीं के तीन विद्यार्थी तथा ऑफिसर्स ट्रेनिंग एकेडमी चेन्नई और भारतीय सैन्य अकादमी देहरादून के दो प्रशिक्षु शामिल थे।


