Central Samvad, 15 नवंबर 2026

देशभर में लोक आस्था का महापर्व छठ धार्मिक श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। पर्व के तीसरे दिन रविवार को श्रद्धालुओं ने अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया।

फोटो सौजन्य – संदीप बैनर्जी (रायगढ़)
इसी क्रम में वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी रायगढ़ के जूटमिल स्थित कयाघाट पहुंचे और छठ पूजा के संध्या अर्घ्य अनुष्ठान में शामिल हुए। उन्होंने व्रती माताओं-बहनों एवं क्षेत्रवासियों को छठ महापर्व की बधाई और शुभकामनाएं दीं।

वित्त मंत्री चौधरी ने कहा कि छठ महापर्व हमारी समृद्ध लोक परंपरा, अटूट आस्था और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक है। सूर्य उपासना का यह पर्व संयम, अनुशासन, पवित्रता और समर्पण का संदेश देता है।
उन्होंने छठी मइया और भगवान सूर्यदेव से सभी के जीवन में सुख, शांति, आरोग्य और समृद्धि की कामना की।

उन्होंने कहा कि छठ पूजा पारिवारिक स्नेह, सामाजिक समरसता और आपसी भाईचारे को मजबूत करने वाला पर्व है। घाटों पर श्रद्धालुओं की सामूहिक भागीदारी हमारी सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक एकता की सुंदर अभिव्यक्ति है।

चार दिवसीय छठ महापर्व का समापन सोमवार सुबह उषा अर्घ्य के साथ होगा। इस दौरान व्रती उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर पूजा संपन्न करेंगे और लगभग 36 घंटे का निर्जला व्रत खोलेंगे।

