Central Samvad रायपुर 14 मई।छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव विकासशील ने मंत्रालय महानदी भवन में विभिन्न विभागों की जनहितकारी योजनाओं और विकास कार्यों की समीक्षा की।

बैठक में उन्होंने योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पारदर्शी तरीके से पहुंचाने और विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने डेटा आधारित निगरानी प्रणाली को मजबूत करने पर जोर देते हुए कहा कि योजनाओं की प्रभावी मॉनिटरिंग से सुशासन को और बेहतर बनाया जा सकता है। बैठक में तकनीक आधारित क्षमता विकास और प्रशासनिक सुधारों पर भी चर्चा की गई।

शिक्षा और बच्चों के पोषण को प्राथमिकता देते हुए मुख्य सचिव ने आंगनबाड़ी और स्कूल भवनों के बुनियादी ढांचे में सुधार के निर्देश दिए। जिन क्षेत्रों में आंगनबाड़ी भवन उपलब्ध नहीं हैं, वहां प्राथमिक शालाओं के अतिरिक्त कक्षों में आंगनबाड़ी संचालित करने को कहा गया। साथ ही जिन स्कूलों में कमरों की कमी है, वहां अतिरिक्त कक्ष निर्माण की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश भी दिए गए।

