परीक्षा का समय बढ़ाकर किया गया 3 घंटे 15 मिनट

अगले वर्ष से सीबीटी मोड में होगी नीट-यूजी परीक्षा
Central Samvad , रायपुर /15मई।
शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा है कि राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) 21 जून को नीट-यूजी 2026 परीक्षा दोबारा आयोजित करेगी। उन्होंने परीक्षा प्रक्रिया में निष्पक्षता और पारदर्शिता का भरोसा दिलाया।
नई दिल्ली में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में शिक्षा मंत्री ने कहा कि विद्यार्थियों के हित सरकार की प्राथमिकता हैं। उन्होंने बताया कि परीक्षा के दौरान ओएमआर शीट से जुड़ी औपचारिकताओं में समय लगने के कारण विद्यार्थियों के मुख्य परीक्षा समय में कमी आई थी। इसे ध्यान में रखते हुए परीक्षा का समय बढ़ाकर दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजकर 15 मिनट तक कर दिया गया है।उन्होंने बताया कि सभी विद्यार्थियों को 14 जून तक एडमिट कार्ड उपलब्ध करा दिए जाएंगे। साथ ही विद्यार्थियों को अपनी पसंद का परीक्षा शहर चुनने का अवसर भी दिया जाएगा।
श्री प्रधान ने कहा कि पहले आयोजित परीक्षा की फीस विद्यार्थियों को वापस की जाएगी और दोबारा होने वाली परीक्षा के लिए कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों पर किसी प्रकार का आर्थिक बोझ नहीं आने दिया जाएगा।शिक्षा मंत्री ने यह भी घोषणा की कि वर्तमान में ओएमआर मोड में होने वाली नीट-यूजी परीक्षा अगले वर्ष से कंप्यूटर आधारित परीक्षा यानी सीबीटी मोड में आयोजित की जाएगी। उन्होंने कहा कि एनटीए में ठोस सुधारों की आवश्यकता है।

