Central Samvad रायपुर 18 जून 2026
कोरिया जिले के सोनहत थाना क्षेत्र के नौगई गांव में रेत कारोबार को लेकर लंबे समय से चल रहा विवाद मंगलवार देर रात खूनी संघर्ष में बदल गया। इस घटना में भाजपा नेता भरत सिंह गहरवार उर्फ लल्ला सिंह समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए हैं।जानकारी के अनुसार, रेत कारोबार को लेकर ठाकुर और त्रिपाठी समूह के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था।
मंगलवार रात फोन पर हुई कहासुनी के बाद तनाव बढ़ गया। देर रात एक पक्ष के लोग वाहन से दूसरे पक्ष के घर के सामने पहुंचे, जहां दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और विवाद हिंसक रूप ले बैठा।आरोप है कि मालवाहक टिपर से फॉर्च्यूनर कार को टक्कर मारी गई। इसके बाद वाहन पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी गई।
आग की चपेट में आने से भाजपा नेता भरत सिंह गहरवार की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से झुलसे उनके रिश्तेदार वीरेंद्र सिंह और नागेंद्र सिंह ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।इस घटना में मयंक सिंह और योगेंद्र सिंह घायल हुए हैं, जिनका उपचार जारी है।पुलिस ने मामले में सात आरोपियों की पहचान की है।

गिरफ्तार आरोपियों में अक्षय त्रिपाठी, विशाल त्रिपाठी, सत्यप्रकाश त्रिपाठी और मनु त्रिपाठी शामिल हैं। शेष तीन आरोपियों की तलाश जारी है।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, फॉरेंसिक टीम और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पूरे नौगई गांव में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
सरगुजा रेंज के पुलिस महानिरीक्षक ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। आरोपियों के खिलाफ हत्या सहित अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।हालांकि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेश चौबे ने कहा है कि आग लगने की वास्तविक परिस्थितियां अभी स्पष्ट नहीं हैं और सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।

