Central Samvad रायपुर, 29 जून 2026
नई दिल्ली में आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय ग्रामीण विकास सम्मेलन में छत्तीसगढ़ की अभिनव मटेरियल बैंक मॉडल को राष्ट्रीय स्तर पर सराहना मिली।

केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत विकसित इस मॉडल को ग्रामीण आवास निर्माण में तेजी लाने वाला प्रभावी नवाचार बताया।

सम्मेलन में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व उप मुख्यमंत्री एवं पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री विजय शर्मा ने किया।छत्तीसगढ़ में स्व-सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा ‘डीलर दीदी’ के रूप में संचालित मटेरियल बैंक मॉडल के माध्यम से दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के हितग्राहियों को एक ही स्थान पर निर्माण सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है।

इससे आवास निर्माण कार्य अधिक सुगम, तेज और किफायती हुआ है।इस पहल से महिलाओं की आय में वृद्धि हुई है और 10 हजार से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बनने की दिशा में आगे बढ़ी हैं। सम्मेलन में इस मॉडल को महिला सशक्तिकरण, आजीविका संवर्धन और ग्रामीण विकास का प्रभावी उदाहरण बताया गया।केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने छत्तीसगढ़ में आरसेटी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना के प्रभावी क्रियान्वयन की भी सराहना की।

उन्होंने कहा कि राज्य ने ग्रामीण युवाओं को कौशल विकास और स्वरोजगार से जोड़ने में उल्लेखनीय कार्य किया है। पिछले वित्तीय वर्ष में आरसेटी के माध्यम से सर्वाधिक राजमिस्त्री प्रशिक्षण देने के लिए भी राज्य की प्रशंसा की गई।उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार ग्रामीण विकास, कौशल उन्नयन, स्वरोजगार और गरीब परिवारों के जीवन स्तर में सुधार के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर मिली यह सराहना राज्य के नवाचार और प्रभावी योजनाओं के सफल क्रियान्वयन का प्रमाण है।

