Central Samvadरायपुर, 9 जुलाई 2026
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रायपुर के डुमरतराई में छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल द्वारा विकसित नवीन थोक बाजार फेस-2 का लोकार्पण किया।

इस अवसर पर उन्होंने घोषणा की कि परिसर का नामकरण लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के नाम पर किया जाएगा तथा यहां उनकी 15 फीट ऊंची प्रतिमा स्थापित की जाएगी।मुख्यमंत्री ने कहा कि आधुनिक व्यापारिक अधोसंरचना से व्यापार और रोजगार दोनों को बढ़ावा मिलता है।

उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर लगभग 36 एकड़ क्षेत्र में विकसित इस परिसर में चौड़ी सड़कें, पर्याप्त पार्किंग, सुव्यवस्थित यातायात व्यवस्था और आधुनिक व्यापारिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इससे रायपुर सहित पूरे प्रदेश के व्यापार को नई गति मिलेगी।आवास एवं पर्यावरण मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि वर्ष 2010 में जिस आधुनिक थोक बाजार की परिकल्पना की गई थी, वह अब साकार हो गई है।

इससे व्यापारियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और शहर की यातायात व्यवस्था भी अधिक सुगम होगी।गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल के अध्यक्ष श्री अनुराग सिंह देव ने कहा कि यह परियोजना व्यापार, निवेश, रोजगार सृजन और प्रदेश के आर्थिक विकास को नई दिशा देगी।उल्लेखनीय है कि डुमरतराई थोक बाजार का विकास दो चरणों में किया गया है।

पहले चरण में लगभग 76 करोड़ रुपये की लागत से 536 व्यावसायिक दुकानें और हॉल बनाए गए, जबकि दूसरे चरण में लगभग 145 करोड़ रुपये की लागत से 154 स्वतंत्र व्यावसायिक दुकानों का निर्माण किया गया है। दोनों चरण पूरे होने के बाद प्रदेश को आधुनिक और सर्वसुविधायुक्त थोक व्यापारिक परिसर की सौगात मिली है।

