Central Samvadरायपुर, 3 अगस्त 2026
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राष्ट्रमंडल खेल 2026 में रजत पदक जीतकर छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाने वाली भारोत्तोलक ज्ञानेश्वरी यादव का मुख्यमंत्री निवास में आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने उन्हें 30 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि तथा पुलिस विभाग में आउट ऑफ टर्न डीएसपी पद पर पदोन्नति देने की घोषणा की।राजनांदगांव की रहने वाली ज्ञानेश्वरी यादव ने अपने पहले ही कॉमनवेल्थ गेम्स में महिलाओं की 53 किलोग्राम भारोत्तोलन स्पर्धा में कुल 199 किलोग्राम वजन उठाकर रजत पदक जीता।

उनकी इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री ने कहा कि ज्ञानेश्वरी की मेहनत, समर्पण और दृढ़ संकल्प राज्य के युवाओं, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक सुविधाएं और हरसंभव प्रोत्साहन उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि वे ओलंपिक, एशियन गेम्स और अन्य अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देश और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करें। वहीं स्कूल
शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने भी ज्ञानेश्वरी यादव से आत्मीय मुलाकात कर उनकी ऐतिहासिक उपलब्धि पर बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।


