Central Samvadदुर्ग, 06 अगस्त 2026
छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रदेश की लोक कला और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए मुख्यमंत्री लोक कलाकार प्रोत्साहन योजना-2026 के तहत आवेदन आमंत्रित किए हैं। योजना का उद्देश्य लोक कलाकारों को आर्थिक सहयोग देकर उनकी पारंपरिक कला को बढ़ावा देना और नई पीढ़ी तक पहुंचाना है।

योजना के तहत लोक नृत्य, लोक संगीत, लोक नाट्य, लोकगाथा, छत्तीसगढ़ी गीत लेखन, पारंपरिक वाद्ययंत्र वादन, शिल्प कला, पारंपरिक पाक कला और सौंदर्य कला से जुड़े कलाकार आवेदन कर सकते हैं। चयनित कलाकारों को प्रतिवर्ष 12 हजार रुपये से 24 हजार रुपये तक की प्रोत्साहन राशि ई-पेमेंट के माध्यम से दी जाएगी।योजना का लाभ लेने के लिए ‘चिन्हारी पोर्टल’ में पंजीयन अनिवार्य है।
पात्र कलाकारों की सभी स्रोतों से वार्षिक आय 96 हजार रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। आवेदन के साथ आय प्रमाण-पत्र, बैंक विवरण, आईएफएससी कोड और पैन कार्ड की प्रति संलग्न करना आवश्यक है।
आवेदन निर्धारित प्रारूप में 31 अगस्त 2026 तक संस्कृति एवं राजभाषा संचालनालय, नया रायपुर भेजे जा सकते हैं। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि राज्य सरकार लोक कलाकारों के सम्मान और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

