Central Samvad रायपुर, 9 अगस्त 2026
कबीरधाम जिले के नेउर गांव की तीन बहनों किरण, ज्योति और सुमन महोबिया ने एक साथ NEET परीक्षा उत्तीर्ण कर परिवार और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी सफलता पर उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने गांव पहुंचकर तीनों छात्राओं से मुलाकात की और उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

उप मुख्यमंत्री ने छात्राओं के माता-पिता और परिजनों से भी मुलाकात कर इस उपलब्धि के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि एक ही परिवार की तीन बहनों का एक साथ मेडिकल प्रवेश परीक्षा में सफल होना पूरे प्रदेश के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायी उदाहरण है। उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद नियमित मेहनत, सही दिशा और दृढ़ संकल्प से बड़े लक्ष्य हासिल किए जा सकते हैं।
मुलाकात के दौरान श्री शर्मा ने तीनों बहनों से उनकी पढ़ाई, NEET की तैयारी और आगे की काउंसलिंग प्रक्रिया की जानकारी ली। उन्होंने मेडिकल की पढ़ाई पूरी करने के बाद अपने क्षेत्र और समाज की सेवा की भावना बनाए रखने की अपील की।घर पर ऑनलाइन पढ़ाई कर हासिल की सफलतातीनों बहनों ने घर पर रहकर ऑनलाइन कोचिंग के माध्यम से NEET की तैयारी की और एक-दूसरे का सहयोग किया।
ज्योति और सुमन ने अपने पहले प्रयास में, जबकि बड़ी बहन किरण ने दूसरे प्रयास में NEET परीक्षा उत्तीर्ण की। ज्योति और सुमन ने स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, बोड़ला से तथा किरण ने सरस्वती शिशु मंदिर, पांडातराई से स्कूली शिक्षा पूरी की है।

