Central Samvadरायपुर, 26 अगस्त 2026
जशपुर जिले के फरसाबहार विकासखंड के ग्राम पंडरीपानी में रक्षाबंधन के अवसर पर ‘रक्षाबंधन एवं बहनों से संवाद’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कार्यक्रम में क्षेत्र की माताओं-बहनों से संवाद किया और कहा कि महिलाओं का सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण ही समृद्ध छत्तीसगढ़ की मजबूत आधारशिला है।

कार्यक्रम में बहनों ने मुख्यमंत्री की कलाई पर राखी बांधी। मुख्यमंत्री ने उन्हें उपहार भेंट कर स्नेह और सम्मान व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना और उन्हें आगे बढ़ने के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।पंडरीपानी को विकास कार्यों की सौगात मिली है।


मुख्यमंत्री ने पंडरीपानी में करीब 64 लाख रुपये के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। उन्होंने फरसाबहार और भेलवा में महतारी सदन निर्माण की घोषणा की। साथ ही मुख्य मार्ग से दानी मोड़ा बस्ती तक सड़क निर्माण के लिए 3.23 करोड़ रुपये की स्वीकृति की जानकारी दी।

कार्यक्रम में महिला स्व-सहायता समूहों को आजीविका गतिविधियों के विस्तार के लिए सहायता राशि प्रदान की गई।

मोंगरा, वैष्णवी और चांद स्व-सहायता समूहों को 1.50-1.50 लाख रुपये तथा प्रतिज्ञा समूह को 1 लाख रुपये की सहायता दी गई।मुख्यमंत्री ने बताया कि महतारी वंदन योजना के तहत प्रदेश की 67 लाख से अधिक महिलाओं को प्रतिमाह 1,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है।

रक्षाबंधन के अवसर पर योजना की 31वीं किस्त के रूप में 631 करोड़ रुपये से अधिक की राशि अंतरित की गई।कार्यक्रम में सुकन्या समृद्धि योजना के तहत दो बालिकाओं को खाता पासबुक और स्वामित्व योजना के पांच हितग्राहियों को अधिकार अभिलेख भी प्रदान किए गए।

