Central Samvad27 अगस्त 2026
नेपाल में आई भीषण बाढ़ के बाद बिहार और उत्तर प्रदेश में बाढ़ की आशंका को देखते हुए हाई अलर्ट जारी किया गया है। नेपाल से आने वाली नदियों के जलस्तर पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

गंडक और नारायणी नदी के जलस्तर में संभावित वृद्धि को देखते हुए सीमावर्ती और निचले इलाकों में प्रशासन को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। बिहार में पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सारण, मुजफ्फरपुर और वैशाली समेत गंडक नदी के किनारे बसे जिलों को सतर्क किया गया है।
वाल्मीकिनगर स्थित गंडक बैराज पर निगरानी बढ़ाई गई है और आपात स्थिति से निपटने के लिए राहत एवं बचाव दलों को तैयार रखा गया है। प्रशासन ने निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सावधानी बरतने और अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की है। जरूरत पड़ने पर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की तैयारी भी की गई है।उत्तर प्रदेश में भी नेपाल से लगे महाराजगंज और कुशीनगर समेत सीमावर्ती क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ाई गई है।
गंडक और नारायणी नदियों के जलस्तर की लगातार निगरानी की जा रही है। नेपाल में फंसे उत्तर प्रदेश के नागरिकों की सहायता के लिए हेल्पलाइन 1070 भी शुरू की गई है।नेपाल में आई इस आपदा के बाद भारत सरकार ने भी बिहार और उत्तर प्रदेश में एनडीआरएफ की तैयारियां बढ़ाई हैं। दोनों राज्यों में प्रशासन को किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं।

