Central Samvad रायपुर 12 सितंबर 2026। नवा रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में तीजा-पोरा तिहार का आयोजन उल्लास और छत्तीसगढ़ी लोक संस्कृति के रंग में हुआ।

प्रदेशभर से पहुंचीं माताओं, बहनों और बेटियों के स्वागत के लिए मुख्यमंत्री निवास को गांव और मायके की तरह सजाया गया। फुगड़ी, रस्साकशी, कुर्सी दौड़, मेहंदी और झूलों के साथ लोक कलाकारों की प्रस्तुतियों ने उत्सव का माहौल बनाया।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने माताओं-बहनों का स्वागत करते हुए कहा कि आज मुख्यमंत्री निवास उनकी मायका है और उनका अपने भाई के घर आना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने भगवान शिव और माता पार्वती की पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।


इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने ‘हर घर मुनगा-घर घर मुनगा’ अभियान और राष्ट्रीय पोषण माह 2026 का शुभारंभ किया। उन्होंने सुपोषण रथ को हरी झंडी दिखाई और माताओं-बहनों को सुपोषण की शपथ दिलाई। नन्हे बच्चों को खीर खिलाकर अन्नप्राशन संस्कार में भी शामिल हुए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि महतारी वंदन योजना की 31 किस्तों में 68 लाख से अधिक माताओं-बहनों के खातों में 20 हजार करोड़ रुपए से अधिक की राशि पहुंचाई जा चुकी है। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ में 13 लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं।

उन्होंने कहा कि महिलाएं डीलर दीदी, रानी मिस्त्री और ड्रोन दीदी के रूप में भी आत्मनिर्भरता की नई मिसाल पेश कर रही हैं।महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने तीजा-पोरा की शुभकामनाएं देते हुए महिला सशक्तिकरण और पोषण के क्षेत्र में सरकार की योजनाओं को महत्वपूर्ण बताया।

कार्यक्रम में मंत्री गजेंद्र यादव, मंत्री दयाल दास बघेल, विभिन्न आयोगों के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में माताएं-बहनें उपस्थित रहीं।

