Central Samvad रायपुर, 23 सितंबर 2026
कवर्धा के भोरमदेव सहकारी शक्कर कारखाने को पेराई सत्र 2024-25 और 2025-26 में ‘हाईएस्ट शुगर रिकवरी–अदर एरिया’ श्रेणी में राष्ट्रीय पुरस्कार मिला है। नई दिल्ली के डॉ. आंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित शुगर फैक्ट्री एफिशिएंसी अवॉर्ड समारोह में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने यह पुरस्कार प्रदान किया।
समारोह में केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर और छत्तीसगढ़ के सहकारिता मंत्री केदार कश्यप भी उपस्थित रहे।छत्तीसगढ़ के किसी सहकारी शक्कर कारखाने को पहली बार इस श्रेणी में राष्ट्रीय पुरस्कार मिला है। कारखाने की ओर से पुरस्कार आयुक्त सहकारिता रमेश शर्मा, विभागीय अधिकारियों और कारखाना प्रबंधन ने संयुक्त रूप से ग्रहण किया।

सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने इस उपलब्धि पर गन्ना उत्पादक किसानों और कारखाना प्रबंधन को बधाई दी। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण गन्ने की आपूर्ति, तकनीकी दक्षता और बेहतर प्रबंधन के कारण यह सफलता मिली है। उन्होंने इसे किसानों की मेहनत और सहकारिता व्यवस्था की सामूहिक शक्ति का सम्मान बताया।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में ‘सहकार से समृद्धि’ के संकल्प के अनुरूप सहकारी व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है। सहकारी संस्थाओं को आधुनिक, पारदर्शी और किसान हितैषी बनाने के साथ डिजिटलीकरण, पैक्स के कम्प्यूटरीकरण और आधुनिक बैंकिंग सुविधाओं के विस्तार पर भी काम किया जा रहा है।

