Central Samvadरायपुर, 10 जुलाई 2026
छत्तीसगढ़ सरकार प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के तहत निर्मित ग्रामीण सड़कों की गुणवत्ता और रखरखाव को बेहतर बनाने के लिए अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) तकनीक का उपयोग करेगी। उप मुख्यमंत्री एवं पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री विजय शर्मा ने उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक में अधिकारियों को एआई आधारित सड़क निरीक्षण प्रणाली को जल्द लागू करने के निर्देश दिए।

नई व्यवस्था के तहत राज्य की प्रत्येक पीएमजीएसवाई सड़क का हर महीने वीडियो आधारित निरीक्षण किया जाएगा। इसके लिए विशेष एआई आधारित ऐप और डैशबोर्ड तैयार किया गया है। एआई तकनीक सड़कों पर मौजूद गड्ढों, दरारों और अन्य क्षतियों की स्वतः पहचान कर उनका विश्लेषण करेगी, जिससे सड़कों की वास्तविक स्थिति का सटीक आकलन किया जा सकेगा और समय पर मरम्मत की योजना बनाई जाएगी।उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि एआई से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर सबसे अधिक क्षतिग्रस्त सड़कों को प्राथमिकता देकर उनके संधारण और मरम्मत की कार्ययोजना तैयार की जाएगी। इससे सरकारी संसाधनों का बेहतर उपयोग होगा और ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षित एवं सुगम आवागमन सुनिश्चित किया जा सकेगा।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि इस नई व्यवस्था का पायलट प्रोजेक्ट शनिवार से शुरू किया जाएगा। इसके तहत प्रदेश के प्रत्येक जिले में एक-एक चयनित सड़क का एआई आधारित निरीक्षण होगा। शुरुआती परिणामों के विश्लेषण के बाद इस प्रणाली को पूरे राज्य में लागू किया जाएगा।बैठक में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की अपर मुख्य सचिव श्रीमती ऋचा शर्मा, सचिव श्री भीम सिंह, सचिव श्री धर्मेश साहू, प्रधानमंत्री आवास योजना के संचालक श्री तारन प्रकाश सिन्हा, एनआरएलएम के संचालक श्री अश्वनी देवांगन सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

