Central Samvad, रायपुर, 11 नवंबर 2026
स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में छत्तीसगढ़ ने राष्ट्रीय स्तर पर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। प्रदेश के तीन नगरीय निकायों रायपुर, बिलासपुर और बिल्हा को राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। बिलासपुर जिले की नगर पंचायत बिल्हा ने 20 हजार से कम आबादी वाले शहरों की श्रेणी में देश में पहला स्थान प्राप्त किया है।

वहीं, बिलासपुर को स्वच्छ रिवर फ्रंट टाउन श्रेणी में दूसरा स्थान मिला है। रायपुर नगर निगम को स्वच्छता के क्षेत्र में राज्य में प्रथम पुरस्कार प्राप्त हुआ है।
नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव, विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा तथा संबंधित नगरीय निकायों के महापौरों और अधिकारियों को राष्ट्रीय पुरस्कार प्रदान किए। कार्यक्रम में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर और केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू भी उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस उपलब्धि पर प्रदेशवासियों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और स्वच्छता कर्मियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह सम्मान प्रदेश में स्वच्छता के प्रति सामूहिक प्रयासों और नागरिकों की भागीदारी का परिणाम है।

बिल्हा का देश में पहला स्थान प्राप्त करना विशेष रूप से गर्व की बात है। सरकार का लक्ष्य स्वच्छता को केवल रैंकिंग तक सीमित न रखकर नागरिकों की आदत और शहरों की पहचान बनाना है।उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ के तीन नगरीय निकायों को राष्ट्रीय सम्मान मिलना प्रदेश के लिए बड़ी उपलब्धि है।

यह जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, स्वच्छता कर्मियों और नागरिकों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। बिल्हा की सफलता यह साबित करती है कि बेहतर प्रबंधन और जनसहभागिता से छोटे शहर भी राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकते हैं।इस उपलब्धि से छत्तीसगढ़ में स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत बनाने और नगरीय सेवाओं में सुधार के प्रयासों को राष्ट्रीय पहचान मिली है।
7
एमएम

