Central Samvad रायपुर, 17 नवंबर 2026
नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित 45वें भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में छत्तीसगढ़ पवेलियन आगंतुकों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। यहां प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, पारंपरिक हस्तशिल्प, हथकरघा और स्थानीय उत्पादों को प्रदर्शित किया गया है।

छत्तीसगढ़ की प्रसिद्ध कोसा साड़ियां, बेलमेटल की कलाकृतियां, जनजातीय आभूषण और वनोपज से तैयार उत्पादों को देखने के साथ लोग खरीदारी में भी रुचि दिखा रहे हैं।पवेलियन में चांपा और रायगढ़ की कोसा साड़ियां, हथकरघा वस्त्र, दुपट्टे और अन्य परिधान विशेष आकर्षण बने हुए हैं।

बिलासा हैंडलूम, शिल्प कुंज, शारदा कोसा और नवयुवक बुनकर सहकारी समिति के स्टॉलों पर बुनकरों की पारंपरिक कारीगरी और आधुनिक डिजाइन का मेल देखने को मिल रहा है।बेलमेटल शिल्प के स्टॉलों पर हिरण, हाथी, पक्षियों और अन्य आकृतियों वाली कलाकृतियां प्रदर्शित की गई हैं।

इसके अलावा जनजातीय आभूषण, माटीकला, खादी और अन्य हस्तनिर्मित उत्पाद भी लोगों का ध्यान आकर्षित कर रहे हैं।छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज सहकारी संघ के स्टॉल पर छत्तीसगढ़ हर्बल ब्रांड के खाद्य पदार्थ, हर्बल उत्पाद और प्रसंस्कृत सामग्री प्रदर्शित की गई है।

वहीं कृषि एवं उद्यानिकी विभाग के स्टॉलों पर स्थानीय कृषि उत्पाद, मिलेट्स और खाद्य प्रसंस्करण से जुड़ी सामग्री रखी गई है। इन उत्पादों के माध्यम से प्रदेश की वन संपदा और ग्रामीण आजीविका की संभावनाओं को प्रस्तुत किया जा रहा है।पवेलियन का VR जोन भी खास आकर्षण बना हुआ है।

यहां आगंतुक वर्चुअल रियलिटी तकनीक के माध्यम से प्रसिद्ध चित्रकोट जलप्रपात का 3D अनुभव कर रहे हैं। इसके साथ ही वन एवं इको-टूरिज्म प्रदर्शनी में कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान, तीरथगढ़ जलप्रपात और प्रदेश के अन्य पर्यटन स्थलों की जानकारी दी जा रही है।

इस तरह छत्तीसगढ़ पवेलियन में प्रदेश की संस्कृति, शिल्प, स्थानीय उत्पादों और प्राकृतिक सौंदर्य की झलक देखने को मिल रही है।

