Central Samvad रायपुर, 17 नवंबर 2026
छत्तीसगढ़ के कथित शराब घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल ने अपनी करीब 61 करोड़ रुपये की संपत्ति कुर्क किए जाने की प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की कार्रवाई को दिल्ली स्थित अपीलीय न्यायाधिकरण में चुनौती दी है।

मामले की सुनवाई के दौरान ट्रिब्यूनल ने ईडी को जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया है। एजेंसी की ओर से जवाब पेश करने के लिए तीन से चार सप्ताह का अतिरिक्त समय मांगा गया था, लेकिन ट्रिब्यूनल ने यह मांग स्वीकार नहीं की। मामले की अगली सुनवाई 23 नवंबर को निर्धारित की गई है।
चैतन्य बघेल की अपील में दुर्ग जिले के कुम्हारी स्थित विट्ठल कॉलोनी के करीब 355 प्लॉटों पर ईडी की कब्जे की कार्रवाई को भी चुनौती दी गई है। कॉलोनी में कुल 385 प्लॉट बताए गए हैं, जिनमें से 30 प्लॉट पहले ही आम खरीदारों को बेचे जा चुके हैं।
ईडी ने इन प्लॉटों पर जब्ती संबंधी नोटिस चस्पा किए थे।चैतन्य बघेल के अधिवक्ता हर्षवर्धन परगनिहा के अनुसार, संपत्ति कुर्की के खिलाफ अपील पिछले करीब दो महीने से न्यायाधिकरण में लंबित है।
उनका कहना है कि ईडी को पहले भी जवाब दाखिल करने के अवसर दिए गए थे, लेकिन जवाब पेश नहीं किया गया। सुनवाई के दौरान एजेंसी की ओर से अतिरिक्त समय मांगे जाने पर ट्रिब्यूनल ने इसे अस्वीकार कर दिया।
ईडी का आरोप है कि कथित शराब घोटाले से अर्जित अवैध धन को जमीन और मकान के कारोबार में निवेश किया गया था। इसी जांच के तहत एजेंसी ने चैतन्य बघेल से जुड़ी संपत्तियों पर कार्रवाई की है। फिलहाल चैतन्य बघेल की अपील पर सुनवाई जारी है। ट्रिब्यूनल ने संपत्ति कुर्की को रद्द करने का कोई आदेश नहीं दिया है।

