Central Samvadरायपुर, 09 सितंबर 2026
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवाकाल के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर छत्तीसगढ़ में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ आयोजित किया जाएगा। अभियान को लेकर पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने नया रायपुर में विभागीय अधिकारियों के साथ तैयारियों की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

अभियान के दौरान संस्कृति विभाग द्वारा प्रदेश के स्कूलों, महाविद्यालयों, पंचायतों और सार्वजनिक स्थलों पर नुक्कड़ नाटकों का आयोजन किया जाएगा। इनमें केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा उनसे आम लोगों के जीवन में आए बदलावों को स्थानीय भाषा, लोककला और संगीत के माध्यम से प्रस्तुत किया जाएगा।
पर्यटन विभाग देश और प्रदेश के इन्फ्लूएंसर्स के माध्यम से छत्तीसगढ़ के पर्यटन स्थलों, विकसित सुविधाओं और विकास कार्यों की तस्वीर डिजिटल प्लेटफॉर्म पर दिखाएगा। इसका उद्देश्य प्रदेश की विकास यात्रा और पर्यटन संभावनाओं को देशभर तक पहुंचाना है।
अभियान के तहत ‘नमो सेवा गाथा’, ‘कहानी बदलाव की’, ‘सेवा ज्योति यात्रा’, ‘सरकार आपके द्वार’ सहित विभिन्न गतिविधियां आयोजित होंगी। मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि संस्कृति और पर्यटन के माध्यम से अभियान को जनभागीदारी और जनसंवाद से जोड़ा जाएगा।

