Central Samvadदुर्ग, 09 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ स्वामी विवेकानंद तकनीकी विश्वविद्यालय (CSVTU), भिलाई की ओर से बीआईटी दुर्ग परिसर में ‘महिला सशक्तिकरण, उद्यमिता एवं स्टार्टअप अभिनंदन कार्यक्रम’ आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में कुलाधिपति एवं राज्यपाल रमेन डेका मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।राज्यपाल ने 72 महिला स्व-सहायता समूहों को मिलेट हेल्थ कार्ट और 24 स्टार्टअप्स को कुल 50 लाख रुपये की इग्निशन ग्रांट प्रदान की।

उन्होंने कहा कि उच्च शिक्षा और तकनीकी ज्ञान तभी सार्थक है, जब इससे रोजगार और उद्यमिता के नए अवसर पैदा हों।राज्यपाल ने कहा कि मिलेट महिला उद्यमिता और ग्रामीण परिवारों के लिए आय का नया माध्यम बन रहा है।

महिला स्व-सहायता समूहों को उत्पाद निर्माण, गुणवत्ता, व्यवसाय प्रबंधन और विपणन का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि महिला के आत्मनिर्भर बनने से परिवार और समुदाय दोनों मजबूत होते हैं।

युवा स्टार्टअप्स को प्रोत्साहित करते हुए उन्होंने कहा कि नवाचार के क्षेत्र में असफलताएं स्वाभाविक हैं, लेकिन उनसे सीखकर आगे बढ़ना सफल उद्यमी की पहचान है। उन्होंने CSVTU के ग्रामीण उद्यमिता और तकनीकी नवाचार को बढ़ावा देने के प्रयासों की सराहना की।

सांसद विजय बघेल, विधायक ललित चंद्राकर, विधायक रिकेश सेन, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेमप्रकाश पाण्डेय, महापौर अल्का बाघमार और सहकार भारती के कलीराम शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में महिला समूहों की सदस्य और युवा कार्यक्रम में उपस्थित रहे।

