Central Samvadरायपुर, 4 सितंबर 2026
छत्तीसगढ़ में टेक्सटाइल और अपैरल उद्योग के विस्तार की दिशा में राज्य सरकार के प्रयासों को केंद्र सरकार का सहयोग मिलेगा। केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि राज्य में टेक्सटाइल उद्योग के विकास और नई इकाइयों की स्थापना के लिए केंद्र हरसंभव सहयोग करेगा।उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में उपलब्ध संसाधन, निवेश-अनुकूल नीतियां और रोजगार आधारित प्रोत्साहन टेक्सटाइल क्षेत्र के लिए राज्य को महत्वपूर्ण निवेश गंतव्य बना सकते हैं।

टेक्सटाइल इकाइयों के विस्तार से बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर भी सृजित होने की संभावना है। उन्होंने छत्तीसगढ़ के सेंट्रल इंडिया के प्रमुख टेक्सटाइल हब के रूप में उभरने की संभावना जताई।केंद्रीय मंत्री ने आधुनिक तकनीक, नवाचार, कौशल विकास और प्रशिक्षण के क्षेत्र में केंद्र-राज्य समन्वय पर जोर दिया।
टेक्सटाइल टेक्नोलॉजी से जुड़े उच्च स्तरीय शिक्षा एवं प्रशिक्षण के अवसर बढ़ने के साथ स्थानीय बुनकरों, शिल्पकारों और उद्यमियों को आधुनिक डिजाइन एवं तकनीकी नवाचार का लाभ मिलने की उम्मीद है।मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य ऐसा टेक्सटाइल इको-सिस्टम विकसित करना है, जिसमें निवेश और रोजगार के साथ स्थानीय कौशल, पारंपरिक वस्त्र कला, आधुनिक डिजाइन और तकनीक का समन्वय हो।
नई औद्योगिक नीति, नवा रायपुर के औद्योगिक वातावरण और राष्ट्रीय स्तर के संस्थानों के सहयोग से छत्तीसगढ़ को टेक्सटाइल एवं अपैरल मैन्युफैक्चरिंग का प्रमुख केंद्र बनाने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं।

