Central Samvadरायपुर, 1 सितंबर 2026
राज्यपाल रमेन डेका ने प्रदेश के शासकीय विश्वविद्यालयों में शैक्षणिक गुणवत्ता और विद्यार्थियों की संख्या बढ़ाने को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कुलसचिवों की बैठक लेकर विश्वविद्यालयों की शैक्षणिक गुणवत्ता, रिक्त पदों की पूर्ति, राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के क्रियान्वयन, नैक (NAAC) एवं एनआईआरएफ (NIRF) रैंकिंग और नवाचार-स्टार्टअप गतिविधियों की समीक्षा की।

राज्यपाल ने कहा कि विश्वविद्यालयों में सीटों के अनुपात में विद्यार्थियों की संख्या बढ़ाने के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएं और व्यवस्थागत कमियों को दूर कर शैक्षणिक गुणवत्ता में लगातार सुधार किया जाए। उन्होंने राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप सभी विश्वविद्यालयों में प्रोफेसर ऑफ प्रैक्टिस की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।रिक्त पद जल्द भरने के निर्देशराज्यपाल ने विश्वविद्यालयों में रिक्त पदों को शीघ्र भरने को कहा।

उन्होंने नियुक्ति प्रक्रिया में नियमानुसार स्थानीय योग्य और प्रतिभाशाली लोगों को अवसर देने के प्रयास करने के निर्देश दिए। साथ ही, विश्वविद्यालयों की NAAC और NIRF रैंकिंग में सुधार के लिए स्पष्ट रोडमैप तैयार करने को कहा।गांवों तक पहुंचे विश्वविद्यालयों का ज्ञानउन्होंने विश्वविद्यालयों को आसपास के गांवों को गोद लेकर वहां इनोवेशन और स्टार्टअप गतिविधियों को बढ़ावा देने के निर्देश दिए। विद्यार्थियों को स्थानीय समस्याओं के समाधान के लिए नवाचार और उद्यमिता से जोड़ने पर जोर दिया गया। राज्यपाल ने ‘नशा मुक्त युवा, विकसित भारत’ अभियान में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने और विद्यार्थियों को खेलकूद के लिए प्रोत्साहित करने को भी कहा।परीक्षा व्यवस्था को निष्पक्ष, पारदर्शी और लीक-प्रूफ बनाने के साथ विश्वविद्यालयों में इंटरनल ऑडिट अनिवार्य करने और इसके लिए कमेटी गठित करने के निर्देश दिए गए। सभी विश्वविद्यालयों में परीक्षा नियंत्रकों की आधिकारिक नियुक्ति सुनिश्चित करने तथा आयुष विश्वविद्यालय से जुड़े निजी मेडिकल कॉलेजों की व्यवस्थाओं की भी नियमित निगरानी पर जोर दिया गया।

