Central Samvad रायपुर, 21 अगस्त 2026
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने नई दिल्ली में आयोजित वर्ल्ड लीडर्स फोरम में छत्तीसगढ़ की नई आर्थिक दिशा और निवेश की संभावनाओं का रोडमैप प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि राज्य अब पारंपरिक उद्योगों के साथ एआई, स्टार्टअप, सेमीकंडक्टर, इलेक्ट्रॉनिक्स, ग्रीन एनर्जी और आधुनिक विनिर्माण जैसे क्षेत्रों पर फोकस कर रहा है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्ष 2025-26 में छत्तीसगढ़ की अर्थव्यवस्था करीब 6.31 लाख करोड़ रुपये तक पहुंची और विकास दर 11.57 प्रतिशत रही। नई औद्योगिक नीति लागू होने के बाद प्रदेश को 8 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव मिले हैं।उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य युवाओं को केवल रोजगार तलाशने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला उद्यमी बनाना है।

वर्ष 2030 तक 5 हजार स्टार्टअप विकसित करने का लक्ष्य रखा गया है। साथ ही 6 लाख विद्यार्थियों और 1.5 लाख शासकीय कर्मचारियों को एआई प्रशिक्षण देने की योजना है।नवा रायपुर में करीब 1,000 करोड़ रुपये की लागत से एआई डेटा सेंटर पार्क विकसित किया जा रहा है। राज्य में 500 करोड़ रुपये के एआई मिशन के तहत एआई डेटा लैब, सेंटर ऑफ एक्सीलेंस और एआई स्टार्टअप्स को बढ़ावा दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने बस्तर में सुरक्षा स्थिति में सुधार के बाद विकास, पर्यटन, निवेश और रोजगार के नए अवसरों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि स्थानीय उत्पादों की प्रोसेसिंग और वैल्यू एडिशन, पर्यटन, ग्रीन एनर्जी तथा आधुनिक उद्योगों के विस्तार से युवाओं और स्थानीय समुदायों के लिए रोजगार के नए अवसर तैयार होंगे।

