Central Samvadरायपुर | 26 जुलाई 2026
वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री तथा दंतेवाड़ा जिले के प्रभारी मंत्री श्री केदार कश्यप ने कारली स्थित ‘छू लो आसमान’ आवासीय शैक्षणिक संस्थान में नीट परीक्षा में सफल विद्यार्थियों का सम्मान किया। उन्होंने विद्यार्थियों को गुलदस्ता, पुष्पमाला और टैबलेट प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

श्री कश्यप ने कहा कि विद्यार्थियों की सफलता उनकी मेहनत, अनुशासन और शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आगे की पढ़ाई के दौरान शासन की ओर से हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि किसी भी छात्र को आर्थिक या अन्य कारणों से कठिनाई का सामना न करना पड़े।

उन्होंने संस्थान में अध्ययनरत कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों से नीट में सफल छात्रों से प्रेरणा लेने और अपने लक्ष्य को हासिल करने के लिए पूरी लगन एवं मेहनत से तैयारी करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि दृढ़ संकल्प और निरंतर प्रयास से कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं होता।

मंत्री ने कहा कि दूरस्थ और वनांचल क्षेत्रों के विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी का अवसर देने के उद्देश्य से संचालित ‘छू लो आसमान’ पहल सकारात्मक परिणाम दे रही है। इस योजना के तहत विद्यार्थियों को आवासीय सुविधा, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और विशेषज्ञ मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जा रहा है।

कारली के विद्यार्थियों की नीट में सफलता इस पहल की प्रभावशीलता का प्रमाण है।कार्यक्रम में विधायक चैतराम अटामी, जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुड़ामी सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, शिक्षा विभाग के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

