Central Samvad रायपुर, 22 मई 2026
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने सुशासन तिहार-2026 के तहत महासमुंद जिले के ग्राम कमरौद में बरगद के पेड़ के नीचे चौपाल लगाकर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया।

उन्होंने शासन की योजनाओं की जमीनी स्थिति की जानकारी ली और लोगों की समस्याएं सुनीं।मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार गांव-गांव पहुंचकर यह सुनिश्चित कर रही है कि लोगों को प्रधानमंत्री आवास, महतारी वंदन योजना, राशन और बिजली जैसी योजनाओं का लाभ सही तरीके से मिल रहा है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में अब तक 18 लाख प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत किए जा चुके हैं और 6000 से अधिक अटल डिजिटल सेवा केंद्र शुरू किए गए हैं।

चौपाल के दौरान मुख्यमंत्री ने महिलाओं, किसानों और युवाओं से योजनाओं को लेकर बातचीत की। महिलाओं ने बताया कि उन्हें महतारी वंदन योजना की राशि नियमित रूप से मिल रही है। वहीं किसानों से खाद और सिंचाई सुविधाओं को लेकर चर्चा की गई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार जल्द ही ऑनलाइन शिकायत समाधान व्यवस्था शुरू करेगी, जिससे लोग घर बैठे मोबाइल के माध्यम से अपनी समस्याएं दर्ज करा सकेंगे।इस दौरान मुख्यमंत्री ने दिव्यांग हितग्राहियों को व्हीलचेयर और ट्रायसिकल वितरित किए। साथ ही कमरौद से चरोदा तक सड़क निर्माण, मुक्ति धाम और महिलाओं के लिए सर्वसुविधायुक्त भवन निर्माण की घोषणा भी की।

