Central Samvad रायपुर 27मई 2026
कोयला उत्पादन, निवेश और ऊर्जा क्षेत्र के विस्तार पर चर्चा
औद्योगिक विकास और रोजगार बढ़ाने पर दिया गया जोर
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से केंद्रीय कोयला एवं खान राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे ने मंत्रालय महानदी भवन में सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान राज्य के औद्योगिक विकास, ऊर्जा सुरक्षा और खनिज क्षेत्र से जुड़े विभिन्न विषयों पर सकारात्मक चर्चा हुई।

बैठक में छत्तीसगढ़ में कोयला उत्पादन बढ़ाने, खनन क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने तथा रेल और लॉजिस्टिक्स कनेक्टिविटी के विस्तार पर विचार-विमर्श किया गया। साथ ही स्वच्छ ऊर्जा, कोयला गैसीकरण और सौर ऊर्जा विकास के जरिए निवेश और रोजगार के नए अवसर बढ़ाने पर भी चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ प्राकृतिक संसाधनों से समृद्ध राज्य है और केंद्र सरकार के सहयोग से ऊर्जा, खनन और औद्योगिक विकास के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने और निवेश को प्रोत्साहित करने के लिए लगातार काम कर रही है।बैठक में मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सहित खनिज और कोयला क्षेत्र से जुड़े वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।

