
Central Samvad 27 मई 2026
छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में मंत्रालय महानदी भवन में समग्र शिक्षा अभियान 2026-27 की वार्षिक कार्ययोजना और बजट प्लान को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में शिक्षा की गुणवत्ता, डिजिटल सुविधाओं और समावेशी विकास पर विशेष जोर दिया गया।मुख्य सचिव ने कहा कि बजट योजना में केवल भवन निर्माण ही नहीं, बल्कि बच्चों के सीखने के स्तर को बेहतर बनाने वाले नवाचारों को प्राथमिकता दी जाए।
स्कूलों में स्मार्ट क्लासरूम, आईसीटी लैब और हाई-स्पीड इंटरनेट पर फोकस
ड्रॉपआउट रोकने और शिक्षक प्रशिक्षण को दी जाएगी प्राथमिकता

उन्होंने स्कूलों में संसाधन, शिक्षक और तकनीक को मजबूत बनाने के निर्देश दिए।बैठक में माध्यमिक और उच्चतर माध्यमिक स्कूलों में स्मार्ट क्लासरूम, आईसीटी लैब और हाई-स्पीड इंटरनेट सुविधा विकसित करने पर चर्चा हुई। साथ ही स्कूल छोड़ चुके बच्चों को मुख्यधारा में लाने के लिए विशेष ट्रैकिंग सिस्टम और ब्रिज कोर्स चलाने पर जोर दिया गया।मुख्य सचिव ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुसार शिक्षकों के चरणबद्ध प्रशिक्षण के निर्देश दिए।
गणित, विज्ञान और अंग्रेजी विषयों के लिए विशेष मास्टर ट्रेनर तैयार किए जाएंगे।बैठक में यह भी तय किया गया कि जिन स्कूलों में बुनियादी सुविधाओं की कमी है, वहां अतिरिक्त कक्ष, बालिका शौचालय, पेयजल, बिजली और बाउंड्रीवॉल निर्माण को प्राथमिकता दी जाएगी। दिव्यांग बच्चों के लिए संसाधन कक्ष और विशेष शिक्षण सामग्री उपलब्ध कराने का भी प्रावधान रखा जाएगा।इसके अलावा कक्षा 9 से 12 तक कृषि, आईटी, हेल्थकेयर और टूरिज्म जैसे क्षेत्रों में वोकेशनल एजुकेशन को बढ़ावा देने पर भी चर्चा की गई।

