रायपुर, 22 जून 2026। मुख्य सचिव श्री विकासशील ने सोमवार को मंत्रालय महानदी भवन में राज्य शासन के विभिन्न विभागों के सचिवों की उच्च स्तरीय बैठक लेकर विभागीय योजनाओं और महत्वपूर्ण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, ऑनलाइन सेवाओं के विस्तार तथा आगामी विधानसभा सत्र की तैयारियों पर विशेष चर्चा हुई।

मुख्य सचिव ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि अधिक से अधिक ऑनलाइन सेवाओं को सेवा सेतु प्लेटफॉर्म से जोड़ा जाए ताकि नागरिकों को सरकारी सेवाएं सरल और सुगम तरीके से उपलब्ध हो सकें। उन्होंने अधिकारियों से योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा तय समय-सीमा में लक्ष्यों की पूर्ति सुनिश्चित करने को कहा।बैठक में आगामी 13 से 17 जुलाई 2026 तक आयोजित होने वाले छत्तीसगढ़ विधानसभा सत्र की तैयारियों की भी समीक्षा की गई।

मुख्य सचिव ने सभी विभागों को आवश्यक सूचनाएं और दस्तावेज तैयार रखने के साथ विभागीय अधिकारियों की विधानसभा में उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।समीक्षा के दौरान ई-ऑफिस, लोक सेवा गारंटी, नियद नेल्लानार डैशबोर्ड, सुघ्घर छत्तीसगढ़, पीएम प्रगति पोर्टल, ई-प्रगति सीजी स्टेट पोर्टल, डी-रेगुलेशन ई-गजट, सेवा सेतु, मनरेगा और पीएम सूर्य घर बिजली योजना सहित विभिन्न प्रमुख योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली गई। अधिकारियों ने योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति और उपलब्धियों से मुख्य सचिव को अवगत कराया।मुख्य सचिव ने विभागों में रिक्त पदों की अद्यतन जानकारी रखने तथा कर्मचारी चयन मंडल से संबंधित कार्यों की प्रगति पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। बैठक में विभिन्न विभागों के प्रमुख सचिव, सचिव और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे तथा विभागीय कार्यों की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई।

