Central Samvad रायपुर, 22 जून
वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओ.पी. चौधरी ने सोमवार को शहर में चल रही प्रमुख विकास परियोजनाओं का निरीक्षण कर उनकी प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने मरीन ड्राइव, अंतर्राज्यीय बस स्टैंड (आईएसबीटी), एफसीआई ऑक्सीजोन, मिट्ठूमुड़ा तालाब, किसान राइस मिल ऑक्सीजोन और कयाघाट पुल सहित विभिन्न परियोजनाओं का जायजा लिया तथा अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान श्री चौधरी ने कहा कि रायगढ़ को प्रदेश के सबसे आधुनिक, सुव्यवस्थित और सुविधासंपन्न शहर के रूप में विकसित करना उनका लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि सड़क, परिवहन, पर्यावरण और जल संरक्षण से जुड़ी परियोजनाएं पूरी होने के बाद रायगढ़ शहरी विकास का नया मॉडल बनकर उभरेगा।

प्रगति नगर में निर्माणाधीन मरीन ड्राइव का निरीक्षण करते हुए वित्त मंत्री ने कार्यों की प्रगति पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि यह परियोजना केवल यातायात व्यवस्था को बेहतर नहीं बनाएगी, बल्कि शहर की नई पहचान भी बनेगी। अधिकारियों को नवंबर 2026 तक मरीन ड्राइव का कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।निर्माणाधीन आईएसबीटी का निरीक्षण करते हुए उन्होंने बताया कि यह बस टर्मिनल भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर विकसित किया जा रहा है।

यहां एक साथ 30 बसों के संचालन की सुविधा होगी, जबकि 40 अतिरिक्त बसों के लिए पार्किंग की व्यवस्था रहेगी। यात्रियों के लिए लगभग 550 लोगों की क्षमता वाला आधुनिक प्रतीक्षालय और बसों के रखरखाव हेतु अलग वर्कशॉप भी बनाई जा रही है।वित्त मंत्री ने एफसीआई परिसर में विकसित हो रहे सात एकड़ क्षेत्र के ऑक्सीजोन प्रोजेक्ट का भी अवलोकन किया।

उन्होंने कहा कि तेजी से बढ़ते शहरीकरण के बीच हरित क्षेत्रों का विकास आवश्यक है। नागरिकों की सुविधा के लिए ऑक्सीजोन में दो प्रवेश द्वार विकसित करने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने कहा कि रायगढ़ में विकास और पर्यावरण संरक्षण दोनों को समान प्राथमिकता दी जा रही है।

