Central Samvadरायपुर, 18 जुलाई 2026
कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) ई-गवर्नेंस सर्विसेज इंडिया लिमिटेड के 17वें स्थापना दिवस पर पश्चिम बंगाल के कोलकाता स्थित धोनो धान्यो ऑडिटोरियम में आयोजित राष्ट्रीय समारोह में छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले की अभिनव PACS ड्रोन मॉडल पहल को राष्ट्रीय स्तर पर विशेष पहचान मिली।

कार्यक्रम में प्राथमिक कृषि साख समितियों (PACS) के माध्यम से संचालित ड्रोन सेवाओं, डिजिटल क्रॉप सर्वे और किसान पंजीयन (फार्मर रजिस्ट्री) जैसे नवाचारों की सराहना की गई।कार्यक्रम के दौरान जिला पंचायत धमतरी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जयंत नाहटा ने “PACS के माध्यम से कृषि उन्नयन” विषय पर आयोजित पैनल चर्चा में भाग लेते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में ड्रोन सेवाओं के विस्तार और PACS को ‘वन स्टॉप रूरल सर्विस सेंटर’ के रूप में विकसित करने की कार्ययोजना प्रस्तुत की।
उन्होंने बताया कि जिले की 10 प्राथमिक कृषि साख समितियों के माध्यम से ड्रोन से तरल उर्वरकों का छिड़काव किया जा रहा है, जो छत्तीसगढ़ में धमतरी की एक अभिनव पहल है।उन्होंने कहा कि भविष्य में PACS के माध्यम से किसानों को कृषि यंत्रीकरण, डिजिटल सेवाएं, फसल सर्वेक्षण, किसान पंजीयन, वित्तीय एवं बैंकिंग सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने की योजना है।
इससे ग्रामीण क्षेत्रों में आधुनिक कृषि तकनीकों की पहुंच बढ़ेगी और किसानों को तकनीक आधारित सेवाओं का लाभ आसानी से मिल सकेगा।कार्यक्रम में वक्ताओं ने कृषि क्षेत्र में आधुनिक तकनीकों के उपयोग को किसानों की आय बढ़ाने, कृषि लागत कम करने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले सीएससी-व्हीएलई को सम्मानित भी किया गया। समारोह में पश्चिम बंगाल शासन और भारत सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों सहित देशभर के सीएससी प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

