Central Samvad ,18 जुलाई 2026
जंतर-मंतर से शनिवार तड़के सफदरजंग अस्पताल लाए गए सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने भूख हड़ताल समाप्त करने से इनकार कर दिया है। अस्पताल की ओर से दोपहर 3:30 बजे जारी स्वास्थ्य बुलेटिन में बताया गया कि उन्होंने ड्रिप (आईवी फ्लूइड) और मुंह से किसी भी प्रकार का तरल पदार्थ लेने से भी मना कर दिया है।

सफदरजंग अस्पताल के मेडिकल सुपरिटेंडेंट द्वारा जारी बुलेटिन के अनुसार, सोनम वांगचुक की पल्स, ब्लड प्रेशर और ऑक्सीजन सेचुरेशन फिलहाल स्थिर हैं, हालांकि उनके शरीर में पानी की कमी (डिहाइड्रेशन) के लक्षण पाए गए हैं। अस्पताल ने बताया कि उनके स्वास्थ्य के सर्वोत्तम हित को ध्यान में रखते हुए लगातार चिकित्सकीय निगरानी की जा रही है तथा उन्हें उपचार के लिए आवश्यक परामर्श (काउंसलिंग) भी दिया जा रहा है।
इससे पहले शनिवार सुबह दिल्ली पुलिस ने सोनम वांगचुक को जंतर-मंतर से हटाकर सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया था। पुलिस ने कहा था कि यह कार्रवाई दिल्ली उच्च न्यायालय के निर्देश और चिकित्सकों की सलाह के आधार पर उनकी बिगड़ती स्वास्थ्य स्थिति को देखते हुए की गई। वांगचुक विभिन्न परीक्षाओं में पेपर लीक रोकने, शिक्षा व्यवस्था में सुधार और केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर 28 जून से आमरण अनशन पर हैं।

