Central Samvadरायपुर, 21 जुलाई 2026
कृषि क्षेत्र में आधुनिक तकनीक के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में ड्रोन स्प्रेयर सुविधा की शुरुआत की गई है। राजस्व मंत्री श्री टंक राम वर्मा ने नवीन कृषि उपज मंडी परिसर में आयोजित कार्यक्रम में इस योजना का शुभारंभ किया।जिले की 5 प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों में 11 ड्रोन तैनात किए गए हैं।

इनके माध्यम से किसानों के खेतों में उर्वरक और कीटनाशकों का सटीक छिड़काव किया जाएगा। सहकारिता विभाग ने इस वर्ष ड्रोन के जरिए करीब 50 हजार एकड़ क्षेत्र में छिड़काव का लक्ष्य तय किया है।कार्यक्रम में प्रशिक्षित ड्रोन पायलटों ने ड्रोन स्प्रेयर का प्रदर्शन किया। इससे कम समय में अधिक क्षेत्र में छिड़काव, लागत में कमी और बेहतर कृषि प्रबंधन के फायदे बताए गए।
मंत्री श्री टंक राम वर्मा ने कहा कि ड्रोन तकनीक किसानों की मेहनत और खर्च को कम करने के साथ खेती को आधुनिक दिशा देगी।उन्होंने किसानों से जैविक और प्राकृतिक खेती अपनाने की अपील करते हुए कहा कि टिकाऊ कृषि के लिए संतुलित खेती जरूरी है। साथ ही उन्होंने बताया कि ड्रोन दीदी पहल से ग्रामीण महिलाओं और युवाओं को रोजगार और कौशल विकास के अवसर मिलेंगे।
ड्रोन सुविधा बलौदाबाजार, कसडोल, बया, गिर्रा (पलारी) और दामाखेड़ा (सिमगा) सहकारी समितियों के माध्यम से किसानों को उपलब्ध होगी। किसान अपनी समिति में आवेदन कर निर्धारित शुल्क देकर खेतों में ड्रोन छिड़काव करा सकेंगे।कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 27 कर्मचारी और समिति प्रबंधकों को सम्मानित किया गया। वहीं किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) चेक और अन्य सुविधाओं का लाभ भी दिया गया।

