Central Samvadरायपुर, 21 जुलाई 2026
सरगुजा जिले में शैक्षणिक सत्र 2026-27 की शुरुआत शाला प्रवेश उत्सव के साथ हुई। पीजी कॉलेज ऑडिटोरियम में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में पर्यटन, संस्कृति एवं धर्मस्व मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने नवप्रवेशी बच्चों का स्वागत किया।

उन्होंने विद्यालय की घंटी बजाकर बच्चों को स्कूल में प्रवेश दिलाया और तिलक, पुष्पमाला व मिठाई खिलाकर उनका उत्साह बढ़ाया।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि शिक्षा ही सफलता का मूल मंत्र है।

उन्होंने कहा कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे, इसके लिए शासन लगातार प्रयास कर रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों से मन लगाकर पढ़ाई करने और अभिभावकों से बच्चों की नियमित स्कूल उपस्थिति सुनिश्चित करने की अपील की।इस अवसर पर नवप्रवेशी विद्यार्थियों को पाठ्यपुस्तक, गणवेश, कॉपी, स्कूल बैग और अन्य अध्ययन सामग्री वितरित की गई।

वहीं पात्र 21 छात्राओं को साइकिल भी प्रदान की गई। मंत्री ने कहा कि ऐसी योजनाएं बालिकाओं को शिक्षा से जोड़ने और आत्मनिर्भर बनाने में सहायक हैं।कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को शिक्षा दूत और ज्ञान दीप पुरस्कार से सम्मानित किया गया। साथ ही नवसाक्षरता अभियान में योगदान देने वाले वॉलेंटियरों का भी सम्मान किया गया।

कलेक्टर अजीत वसंत ने जिले में शिक्षा क्षेत्र में किए जा रहे नवाचारों की जानकारी देते हुए बताया कि विद्यार्थियों की सुविधाओं, स्कूल भवन, प्रमाणपत्र निर्माण और उच्च शिक्षा की तैयारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।शाला प्रवेश उत्सव में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों और अभिभावकों की बड़ी संख्या में भागीदारी रही। कार्यक्रम ने शिक्षा के प्रति जागरूकता और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य का संदेश दिया।

