Central samvad नई दिल्ली | 26 जुलाई 2026
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की परीक्षा प्रणाली को अधिक पारदर्शी, सुरक्षित और विश्वसनीय बनाने के उद्देश्य से उच्चस्तरीय विशेष कार्यबल (हाई पावर टास्क फोर्स) के गठन की घोषणा की है। इस कार्यबल की अध्यक्षता प्रख्यात प्रौद्योगिकी विशेषज्ञ नंदन नीलेकणी करेंगे।

कार्यबल में पूर्व आईबी निदेशक तपन डेका, पूर्व इसरो अध्यक्ष डॉ. एस. सोमनाथ, आईआईटी मद्रास के निदेशक वी. कामकोटि, पूर्व शिक्षा सचिव अनीता करवाल तथा आपूर्ति श्रृंखला प्रबंधन विशेषज्ञ अमृत लाल मीणा को सदस्य बनाया गया है।
प्रधानमंत्री ने अपने वीडियो संदेश में कहा कि सरकार प्रतियोगी परीक्षाओं की निष्पक्षता बनाए रखने और करोड़ों विद्यार्थियों के भविष्य की सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि पेपर लीक जैसे मामलों से निपटने के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट स्थापित किए जा चुके हैं तथा संसद में कठोर कानूनी प्रावधानों की दिशा में भी कदम उठाए जा रहे हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि नई टास्क फोर्स परीक्षा प्रणाली में आधुनिक तकनीक के अधिकतम उपयोग, पारदर्शिता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करने के लिए व्यापक परीक्षा सुधारों पर काम करेगी। कार्यबल अपनी रिपोर्ट जल्द सरकार को सौंपेगा, जिसके आधार पर आगामी प्रतियोगी परीक्षाओं को और अधिक सुरक्षित एवं भरोसेमंद बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

