Central Samvad रायपुर, 24 मई 2026
महासमुंद जिले के बसना विकासखंड के ग्राम बोहारपार के प्रगतिशील किसान नवीन साव ने ग्राफ्टेड बैंगन की खेती कर नई मिसाल पेश की है। आधुनिक खेती तकनीक अपनाकर उन्होंने लाखों रुपए की आय अर्जित की है।

पहले नवीन साव पारंपरिक धान की खेती करते थे, जिससे सीमित आमदनी होती थी। वर्ष 2025-26 में उन्होंने राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के तहत ग्राफ्टेड बैंगन की खेती शुरू की। उन्होंने ड्रिप सिंचाई और मल्चिंग तकनीक का उपयोग कर बेहतर उत्पादन प्राप्त किया।

जहां धान से प्रति एकड़ करीब 21 क्विंटल उत्पादन मिलता था, वहीं ग्राफ्टेड बैंगन से लगभग 155 क्विंटल उत्पादन प्राप्त हुआ।

उन्होंने सरायपाली और ओडिशा की मंडियों में बैंगन बेचकर करीब 2 लाख 45 हजार रुपए का शुद्ध लाभ कमाया।नवीन साव ने अपनी सफलता का श्रेय उद्यानिकी विभाग के मार्गदर्शन और नई तकनीक सीखने की इच्छा को दिया है। उनकी सफलता को देखकर आसपास के कई किसान भी अब उद्यानिकी फसलों की ओर बढ़ रहे हैं।

