9 दिन के तेल भंडार संबंधी दावों को सरकार ने बताया भ्रामक
Central Samvad 18 मई 2026
केंद्र सरकार ने कहा है कि पश्चिम एशिया में जारी संकट के बावजूद देश में कच्चे तेल और ईंधन का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है। सरकार के अनुसार भारत के तेल शोधक संयंत्र सामान्य रूप से कार्य कर रहे हैं और पेट्रोल, डीजल, एलपीजी तथा प्राकृतिक गैस की आपूर्ति प्रभावित नहीं हुई है।

नई दिल्ली में आयोजित अंतर-मंत्रालयी प्रेस वार्ता में पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने बताया कि देश में ऊर्जा आपूर्ति की स्थिति सामान्य बनी हुई है। उन्होंने कहा कि कमर्शियल एलपीजी की आपूर्ति लगभग 70 प्रतिशत स्तर पर जारी है।उन्होंने यह भी जानकारी दी कि मार्च से अब तक लगभग 7 लाख 37 हजार पीएनजी कनेक्शन सक्रिय किए जा चुके हैं। वहीं 2 लाख 76 हजार कनेक्शनों के लिए आधारभूत संरचना तैयार कर ली गई है।
इसके अलावा 7 लाख 76 हजार से अधिक उपभोक्ताओं ने पीएनजी कनेक्शन के लिए पंजीकरण कराया है।इस बीच, सरकार ने सोशल मीडिया और यूट्यूब पर प्रसारित उन दावों का खंडन किया है, जिनमें कहा जा रहा था कि भारत के पास केवल 9 दिन का तेल भंडार बचा है। पत्र सूचना कार्यालय (PIB) की फैक्ट चेक इकाई ने इन दावों को भ्रामक बताते हुए कहा कि देश में लगभग 60 दिनों का कच्चे तेल का भंडार उपलब्ध है और शोधन क्षमता भी पर्याप्त है।

