राज्य में 3.29 करोड़ लीटर पेट्रोल और 7.76 करोड़ लीटर डीजल उपलब्ध
Central Samvad 18मई 2026
बढ़ती मांग के बीच राज्य सरकार ने तेल कंपनियों के साथ की समीक्षा बैठक में सभी जिलों में निर्बाध ईंधन आपूर्ति बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।सरकार ने कहा है कि राज्य में पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है तथा ईंधन आपूर्ति पूरी तरह सामान्य बनी हुई है। वर्तमान में राज्य में लगभग 3.29 करोड़ लीटर पेट्रोल और 7.76 करोड़ लीटर डीजल उपलब्ध है।

सरकार ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक जानकारी पर ध्यान न दें और जरूरत से अधिक ईंधन संग्रह करने से बचें।इस संबंध में खाद्य विभाग के संचालक ने सोमवार को तेल कंपनियों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में निर्देश दिए गए कि जिन पेट्रोल पंपों पर ईंधन की कमी की स्थिति बन सकती है, वहां प्राथमिकता के आधार पर आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
अधिकारियों ने बताया कि राज्य में पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति के लिए कुल 2,516 पेट्रोल पंप संचालित हैं। 13 और 14 मई को अचानक मांग बढ़ने के कारण पेट्रोल की खरीद में 43 प्रतिशत और डीजल की खरीद में 22 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। ग्रामीण क्षेत्रों में कृषि कार्यों के चलते डीजल की मांग लगातार बढ़ रही है।
बढ़ती मांग को देखते हुए रायपुर के लाखोली और मंदिर हसौद तथा कोरबा के गोपालपुर स्थित डिपो से लगातार ईंधन की आपूर्ति की जा रही है। सामान्य आपूर्ति बनाए रखने के लिए रविवार अवकाश के दिन भी डिपो संचालित किए गए और लगभग 370 टैंकरों के माध्यम से विभिन्न जिलों में ईंधन पहुंचाया गया।

