Central Samvad 24 मई 2026
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने समय-सीमा में काम पूरा करने के दिए निर्देश
उप मुख्यमंत्री तथा लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री अरुण साव ने जल जीवन मिशन के कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सभी योजनाएं तय समय में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पेयजल योजनाओं में किसी तरह की लापरवाही या देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जवाबदेही तय की जाएगी।

मंत्रालय में आयोजित समीक्षा बैठक में जल जीवन मिशन, नक्सल प्रभावित क्षेत्रों की पेयजल योजनाओं और गर्मी में पेयजल व्यवस्था पर चर्चा हुई। सभी जिलों के अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से बैठक में शामिल हुए।उप मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन गांवों में जल जीवन मिशन के कार्य पूरे हो चुके हैं, वहां हर घर जल का सत्यापन कर योजनाओं का संचालन और रखरखाव ग्राम पंचायतों को सौंपा जाए।

उन्होंने गांवों में पेयजल व्यवस्था की नियमित जांच और खराबी होने पर तत्काल समाधान के निर्देश दिए।बैठक में बताया गया कि वर्ष 2026-27 में 13 हजार 183 और वर्ष 2027-28 में 7352 योजनाओं को पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। राज्य में अब तक 8555 एकल ग्राम नल जल योजनाएं ग्राम पंचायतों को हैंडओवर की जा चुकी हैं।

अधिकारियों ने बताया कि प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों में हैंडपंप, सिंगल-फेज पॉवर पंप, सौर ऊर्जा पंप और नल जल योजनाओं के जरिए पेयजल आपूर्ति की जा रही है। गर्मी में पेयजल संकट से निपटने के लिए हजारों खराब हैंडपंपों की मरम्मत और राइजर पाइप बदलने का काम भी किया गया है।

उप मुख्यमंत्री ने वर्षा ऋतु को देखते हुए जलजनित बीमारियों से बचाव, जल गुणवत्ता परीक्षण, रेन वाटर हार्वेस्टिंग और जल संरक्षण पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

