Central Samvadरायपुर, 30 जून 2026
वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप ने मंगलवार को रायपुर के महादेव घाट में आयोजित छत्तीसगढ़ कंडरा आदिवासी समाज के सामाजिक भवन के लोकार्पण, सम्मान समारोह एवं वार्षिक अधिवेशन में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने नवनिर्मित सामाजिक भवन का लोकार्पण किया और शिक्षा, खेल, सामाजिक सेवा सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों एवं प्रतिभाओं को सम्मानित किया।

मंत्री ने कहा कि किसी भी समाज की सबसे बड़ी ताकत उसकी शिक्षा, संगठन और संस्कार होते हैं। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज के युवा आज शिक्षा, प्रशासन, तकनीक, व्यवसाय, खेल और जनप्रतिनिधित्व जैसे क्षेत्रों में बेहतर प्रदर्शन कर नए छत्तीसगढ़ के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि सामाजिक भवन केवल एक इमारत नहीं, बल्कि समाज की एकता, संवाद, सांस्कृतिक गतिविधियों और नई पीढ़ी के मार्गदर्शन का केंद्र बनेगा। यहां विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और विभिन्न सामाजिक कार्यक्रमों के लिए बेहतर अवसर मिलेंगे।

श्री कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन में राज्य सरकार नई शिक्षा नीति, छात्रवृत्ति, कौशल विकास, वनाधिकार, स्वरोजगार, लघु वनोपज के बेहतर मूल्य और महिला स्व-सहायता समूहों के सशक्तिकरण जैसी योजनाओं के माध्यम से आदिवासी समाज के विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने युवाओं से शिक्षा, डिजिटल तकनीक और स्वरोजगार के क्षेत्र में आगे बढ़ने का आह्वान भी किया।

