Central Samvadरायपुर, 30 जून 2026
छत्तीसगढ़ सामाजिक अंकेक्षण इकाई की सामान्य सभा की बैठक मंगलवार को मंत्रालय महानदी भवन में मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में सामाजिक अंकेक्षण को अधिक पारदर्शी और जवाबदेह बनाने पर जोर दिया गया।

मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि सामाजिक अंकेक्षण के दौरान प्राप्त आपत्तियों का कंडिकावार शीघ्र निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि सामाजिक अंकेक्षण में जनभागीदारी बढ़ाने और ग्राम सभाओं को सशक्त बनाने पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए। साथ ही सभी जिला कलेक्टरों को ग्राम सभाओं में अंकेक्षण रिपोर्ट अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 की वार्षिक कार्ययोजना और बजट पर विस्तार से चर्चा कर अनुमोदन किया गया। इस दौरान राज्य की सभी ग्राम पंचायतों में महात्मा गांधी नरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना, ग्रामीण एवं राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रमों के सामाजिक अंकेक्षण कराने पर सहमति बनी।

सामाजिक अंकेक्षण इकाई के विस्तार, नवाचार आधारित कार्यप्रणाली, डेवलपमेंट एजेंसी के सहयोग, विभिन्न योजनाओं से विकास निधि के निर्धारण तथा सामाजिक अंकेक्षण कार्यों के लिए आवश्यक पदों को नियमानुसार भरने के प्रस्तावों पर भी चर्चा कर मंजूरी दी गई। बैठक में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया।

