Central Samvadरायपुर, 30 जून 2026
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मंगलवार को सरगुजा जिले के उदयपुर विकासखंड स्थित ऐतिहासिक रामगढ़ में आयोजित दो दिवसीय रामगढ़ महोत्सव-2026 के समापन समारोह में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने विश्व की प्राचीनतम नाट्यशाला मानी जाने वाली सीताबेंगरा गुफा, जोगीमारा गुफा के प्राचीन शिलालेख एवं भित्तिचित्रों तथा हाथीपोल प्राकृतिक सुरंग का अवलोकन किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि रामगढ़ छत्तीसगढ़ की हजारों वर्ष पुरानी सांस्कृतिक चेतना, कला, साहित्य, इतिहास और पर्यटन का अद्भुत संगम है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश की ऐतिहासिक एवं पुरातात्विक धरोहरों के संरक्षण और पर्यटन विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है, ताकि देश-विदेश के पर्यटक यहां की समृद्ध विरासत से परिचित हो सकें और स्थानीय लोगों को रोजगार के नए अवसर मिलें।

उन्होंने कहा कि सीताबेंगरा और जोगीमारा गुफाएं भारतीय इतिहास, स्थापत्य, चित्रकला और शिलालेखों की अमूल्य धरोहर हैं। मान्यता है कि महाकवि कालिदास ने इसी क्षेत्र में अपनी प्रसिद्ध कृति मेघदूतम् की रचना की थी।

इसी ऐतिहासिक स्मृति को जीवंत बनाए रखने के लिए प्रत्येक वर्ष आषाढ़ के प्रथम दिवस पर रामगढ़ महोत्सव आयोजित किया जाता है।कार्यक्रम में कृषि मंत्री रामविचार नेताम, पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल सहित जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

