Central Samvadरायपुर, 1 अगस्त 2026
गरियाबंद जिले के ग्राम केरावाहारा (ग्राम पंचायत जोवा) में पिछले एक महीने से रिहायशी क्षेत्र में लगातार दिखाई दे रहे तेंदुए को वन विभाग ने सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया है। वन मंत्री केदार कश्यप के निर्देशानुसार वन विभाग ने विशेष निगरानी, केज ट्रैप और प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम की मदद से तेंदुए को बिना किसी नुकसान के पिंजरे में सुरक्षित पकड़ लिया।
इससे क्षेत्र में संभावित मानव-वन्यजीव संघर्ष टल गया और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।वन विभाग के अनुसार तेंदुए ने पहले क्षेत्र में पालतू मवेशियों पर हमला किया था तथा विद्यालय परिसर और आबादी के आसपास भी उसकी गतिविधियां देखी गई थीं। स्थिति को गंभीरता से लेते हुए वनमंडलाधिकारी ससिगानंदन के., उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व के उप निदेशक वरुण जैन तथा वन्यप्राणी चिकित्सा अधिकारी डॉ. राकेश वर्मा के निर्देशन में रणनीतिक रूप से केज ट्रैप लगाए गए थे। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए प्रशिक्षित लेपर्ड रेस्क्यू टीम भी तैनात की गई थी।
तेंदुए को सुरक्षित पकड़ने के बाद वन विभाग उसकी स्वास्थ्य स्थिति और व्यवहार पर लगातार निगरानी रख रहा है। तीन सदस्यीय पशु चिकित्सक दल द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण किया जा रहा है, जिसके आधार पर यह तय किया जाएगा कि उसे प्राकृतिक आवास में छोड़ा जाए या नियमानुसार अन्य कार्रवाई की जाए।
वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और वन्यजीव दिखाई देने पर तत्काल निकटतम वन अधिकारी को सूचना दें। विभाग ने कहा है कि मानव जीवन और वन्यजीवों की सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

