Central Samvadरायपुर, 30 जुलाई 2026
छत्तीसगढ़ जनसंपर्क विभाग के सहयोग से देश की एकमात्र मासिक कार्टून पत्रिका कार्टून वॉच द्वारा जगदलपुर में स्कूली विद्यार्थियों के लिए ‘मुस्कुराता बस्तर’ थीम पर विशेष कार्टून कार्यशाला आयोजित की जाएगी।

कार्यशाला का उद्देश्य विद्यार्थियों को कार्टून और कैरिकेचर कला का प्रशिक्षण देने के साथ बस्तर की समृद्ध संस्कृति, पर्यटन और लोकजीवन को रचनात्मक रूप से अभिव्यक्त करने के लिए प्रेरित करना है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में बस्तर में विकास, पर्यटन और सांस्कृतिक पहचान को नई दिशा मिल रही है। चित्रकोट और तीरथगढ़ जलप्रपात, कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान, बस्तर दशहरा और अन्य जनजातीय परंपराएं आज बस्तर की नई पहचान बन रही हैं। इन्हीं सकारात्मक पहलुओं को कार्टून कला के माध्यम से प्रस्तुत करने के उद्देश्य से कार्यशाला की थीम ‘मुस्कुराता बस्तर’ रखी गई है।

कार्टून वॉच के संपादक त्र्यंबक शर्मा ने बताया कि कार्यशाला में दिल्ली के वरिष्ठ कार्टूनिस्ट श्री माधव जोशी और पुणे के प्रसिद्ध कैरिकेचर कलाकार शुभम जिंदे विद्यार्थियों को लाइव डेमो के माध्यम से कार्टून और कैरिकेचर बनाने का प्रशिक्षण देंगे। साथ ही उन्हें इस कला के सामाजिक, रचनात्मक और रोजगारपरक पहलुओं की भी जानकारी दी जाएगी।इस पहल से स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी कला प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा और बस्तर की सकारात्मक छवि को रचनात्मक माध्यम से देशभर तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।

