Central Samvad रायपुर 4जून
युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय के प्रमुख युवा मंच ‘मेरा युवा भारत’ (MY Bharat) को ऑनलाइन क्विज़ में एक सप्ताह के भीतर सबसे अधिक लोगों की भागीदारी के लिए गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स से सम्मानित किया गया है।

आधिकारिक मूल्यांकन अवधि के दौरान 3 लाख 90 हजार 812 योग्य प्रतिभागियों ने क्विज़ में भाग लेकर नया विश्व रिकॉर्ड बनाया।नई दिल्ली में आयोजित एक समारोह में गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स का प्रमाण पत्र केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया को सौंपा गया।

इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री रक्षा निखिल खडसे, युवा कार्यक्रम विभाग की सचिव डॉ. पल्लवी जैन गोविल सहित कई अधिकारी और युवा प्रतिभागी उपस्थित रहे।यह उपलब्धि ‘विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग क्विज़’ के लिए मिली है, जिसका उद्देश्य युवाओं को विकसित भारत@2047 के विज़न से जोड़ना और उनकी भागीदारी बढ़ाना है।
MY Bharat पोर्टल के माध्यम से आयोजित इस पहल में देश के सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से 50 लाख 42 हजार से अधिक युवाओं ने हिस्सा लिया।डॉ. मनसुख मांडविया ने इस उपलब्धि को देश के युवाओं को समर्पित बताते हुए कहा कि यह सम्मान विकसित भारत की यात्रा में युवाओं के विश्वास और सक्रिय भागीदारी का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि MY Bharat आज युवाओं के लिए एक विश्वसनीय मंच बन चुका है, जहां वे अपने विचार साझा कर राष्ट्र निर्माण में योगदान दे रहे हैं।
युवा कार्यक्रम विभाग की सचिव डॉ. पल्लवी जैन गोविल ने कहा कि MY Bharat युवाओं की सार्थक और स्वैच्छिक भागीदारी का प्रभावी मंच बन गया है। यह उपलब्धि युवा सशक्तिकरण और डिजिटल नवाचार के क्षेत्र में भारत की बढ़ती क्षमता को भी दर्शाती है।

