राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) रायपुर में ट्यूरिंग क्लब ऑफ प्रोग्रामर्स (टीसीपी) द्वारा दो दिवसीय कोडिंग हैकाथॉन ‘कोडउत्सव 10.0’ का शुभारंभ हुआ।

यह आयोजन जिला प्रशासन रायपुर के सेवा संकल्प अभियान के ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ के तहत किया जा रहा है।28 घंटे चलने वाली इस हैकाथॉन में देशभर के विभिन्न तकनीकी संस्थानों की 41 टीमों ने हिस्सा लिया। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों में नवाचार, समस्या-समाधान और टीमवर्क की क्षमता को बढ़ावा देना है।

कार्यक्रम में एनआईटी रायपुर के प्रभारी निदेशक डॉ. समीर बाजपेयी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। विशेष अतिथि निको ग्रूप के प्रमुख कुमार संभव नामदेव, सूचना प्रौद्योगिकी विभागाध्यक्ष डॉ. सुधांकर पांडेय और कंप्यूटर साइंस एवं इंजीनियरिंग विभागाध्यक्ष डॉ. दिलीप सिसोदिया उपस्थित रहे।

आयोजन टीसीपी के फैकल्टी इन चार्ज डॉ. पवन कुमार मिश्रा के मार्गदर्शन में हो रहा है।अतिथियों ने प्रतिभागियों को वास्तविक जीवन की समस्याओं के व्यावहारिक समाधान विकसित करने, कार्यशील प्रोटोटाइप तैयार करने तथा समाधान की उपयोगिता और व्यवहार्यता पर ध्यान देने के लिए प्रेरित किया।

डॉ. समीर बाजपेयी ने उपयोगकर्ता की जरूरतों, सुरक्षा, उपभोक्ता-अनुकूलता, टीमवर्क और बेहतर संचार को सफल समाधान के लिए महत्वपूर्ण बताया।‘कोडउत्सव 10.0’ तकनीकी नवाचार, रचनात्मकता और सहयोगात्मक समस्या-समाधान पर केंद्रित है।

