Central Samvadरायपुर, 21 अगस्त 2026
राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) रायपुर में 2026 बैच के नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए ओरिएंटेशन (इंडक्शन) कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम से पहले संस्थान परिसर में नई शैक्षणिक और खेल सुविधाओं का उद्घाटन किया गया।बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के अध्यक्ष डॉ. सुरेश हावरे ने अन्य गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति में ONGC के सहयोग से विकसित स्मार्ट कक्षाओं और BEML के सहयोग से तैयार वॉलीबॉल एवं बास्केटबॉल मैदानों का उद्घाटन किया।


स्मार्ट कक्षाओं में एयर कंडीशनिंग, स्मार्ट बोर्ड और प्रोजेक्टर जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इन पर करीब 94 लाख रुपये तथा खेल सुविधाओं के विकास पर 30 लाख रुपये खर्च हुए हैं।

पं. दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित ओरिएंटेशन कार्यक्रम में ONGC के निदेशक (मानव संसाधन) मनीष पाटिल, BEML के निदेशक (माइनिंग एंड कंस्ट्रक्शन) संजय सोम, ONGC के पूर्व अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक सुधीर वासुदेवा, डॉ. सुरेश हावरे, एनआईटी रायपुर के निदेशक डॉ. एन.वी. रमना राव सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।




निदेशक डॉ. रमना राव ने विद्यार्थियों को प्रवेश परीक्षा में सफलता के लिए बधाई देते हुए जिज्ञासु बने रहने और कक्षा से बाहर भी सीखने पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि संस्थान में करीब 5,938 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं और राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप विभिन्न स्नातकोत्तर एवं डॉक्टरेट पाठ्यक्रम भी संचालित किए जा रहे हैं।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों को टीमवर्क, समस्या-समाधान, नेतृत्व, रोजगार-योग्यता और व्यक्तित्व विकास के महत्व से अवगत कराया गया। एलुमनाई एसोसिएशन के अध्यक्ष उमेश चितलांगिया ने करियर मार्गदर्शन, मेंटरिंग, इंटर्नशिप और प्लेसमेंट में पूर्व छात्रों के सहयोग की जानकारी दी।इस अवसर पर डॉ. सुरेश हावरे द्वारा लिखित पुस्तक “NIT Raipur: A Legacy of Excellence” का विमोचन भी किया गया।

उन्होंने संस्थान की उपलब्धियों, पूर्व छात्रों के योगदान और बढ़ती स्टार्टअप संस्कृति पर प्रकाश डाला।दूसरे सत्र में विद्यार्थियों को शैक्षणिक व्यवस्था, पाठ्यक्रम, प्लेसमेंट, छात्र क्लबों, छात्रावास सुविधाओं, रैगिंग विरोधी नीति तथा मानसिक स्वास्थ्य और कल्याण सेवाओं की जानकारी दी गई। कार्यक्रम के साथ एनआईटी रायपुर में नवप्रवेशित विद्यार्थियों की शैक्षणिक यात्रा की औपचारिक शुरुआत हुई।



कार्यक्रम के समापन अवसर पर प्रोफेसर डॉ शुभाशीष सान्याल ने आभार ज्ञापन किया।

