Central Samvad रायपुर, 12 सितंबर 2026
राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) रायपुर के गो ग्रीन क्लब की ओर से हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए ‘ग्रीन गणेशा’ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।


प्रतियोगिता में स्कूल और कॉलेज के कुल 352 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।



तीन आयु वर्गों में आयोजित प्रतियोगिता में अलग-अलग स्कूल और कॉलेज की 152 टीमों ने भागीदारी की।प्रतियोगिता में केंद्रीय विद्यालय समेत शहर के अनेक स्कूलों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया और अपनी सृजन कला का परिचय दिया।


प्रतिभागियों ने हल्दी-कुमकुम, प्राकृतिक सामग्री, मिट्टी तथा अन्य पर्यावरण अनुकूल वस्तुओं का उपयोग कर भगवान गणेश की सुंदर प्रतिमाओं का निर्माण किया।
समिति द्वारा प्रतिभागियों को मिट्टी एवं मूर्ति निर्माण के लिए आवश्यक सभी सामग्री उपलब्ध कराई गई। इस दौरान प्रत्येक मूर्ति में एक पौधे का बीज भी डाला गया जिससे मूर्ति के विसर्जन करने पर वह एक पौधे का रूप ले सके और पर्यावरण संरक्षण में सहायक सिद्ध हो सके |


प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण और इको-फ्रेंडली गणेश प्रतिमा निर्माण के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम का आयोजन गो-ग्रीन क्लब के फैकल्टी इंचार्ज डॉ गोविन्द पी गुप्ता , कबिता बिस्वास शर्मा, डॉ.शशि कांत वर्मा के मार्गदर्शन में किया गया।
गो ग्रीन क्लब के फैकल्टी इंचार्ज डॉ. गोविंद गुप्ता ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाना और गणेश उत्सव सहित सभी उत्सवों को पर्यावरण अनुकूल तरीके से मनाने के लिए प्रेरित करना है।


कार्यक्रम में मुख्य अतिथि डॉ. शुभाशीष सान्याल (डीन कॉरपोरेट रिलेशन एंड रिसोर्स मोबिलाइजेशन) ने विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए।

इस अवसर पर सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र भी दिए गए।कार्यक्रम में प्रतियोगिता में विद्यार्थियों की रचनात्मकता के साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति उनकी प्रतिबद्धता भी देखने को मिली।
प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में डॉ. देवांशी गौर, सहायक प्राध्यापक, वास्तुकला विभाग; श्री मिथिलेश बारिक, कलाकार; तथा श्रुति एस. नागदेव, सहायक प्राध्यापक, वास्तुकला विभाग शामिल रहे।

