संपादकीय – गोपा सान्याल
राजकीय तितली के चयन में किसे मिले सबसे अधिक महत्त्व—दुर्लभता, क्षेत्रीय विशिष्टता या संरक्षण की जरूरत?
हाल में राज्य वन्यजीव बोर्ड की स्थायी समिति ने ऑरेंज ओकलीफ को राजकीय तितली घोषित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। चयन की प्रक्रिया में कॉमन बैंडेड पीकॉक, ऑरेंज ओकलीफ और स्पॉट स्वॉर्डटेल—इन तीन प्रजातियों पर विचार किया गया।
अब इस पहल के साथ यह सवाल भी महत्त्वपूर्ण है कि राजकीय पहचान के लिए किसी प्रजाति का चयन किन आधारों पर किया जाना चाहिए।
🦋ऑरेंज ओकलीफ
ऑरेंज ओकलीफ को मध्यप्रदेश की पहली राजकीय तितली घोषित किया जा चुका है। छत्तीसगढ़ की राजकीय तितली के रूप में भी इसके नाम की अनुशंसा की गई है और प्रस्ताव को मंजूरी मिली है। यह तितली छत्तीसगढ़ के नम और आर्द्र वनों में पाई जाती है पर मेरे कैमरे तक अभी नहीं पहुंच पाई।। भोरमदेव वन्यजीव अभयारण्य और अचानकमार टाइगर रिजर्व जैसे क्षेत्रों में इसे सड़े-गले फलों, तरल गोंद और नम स्थानों के आसपास देखा जा सकता है।
इसकी विशिष्टता यह है कि बंद पंखों में यह सूखे भूरे पत्ते जैसी दिखाई देती है, शायद इसलिए भी यह एकदम से नजर नहीं आती है।जबकि पंख खोलने पर इसके आकर्षक नीले, नारंगी और काले रंग नजर आते हैं।
🦋कॉमन बैंडेड पीकॉक
कॉमन बैंडेड पीकॉक तितली के होस्ट प्लांट सिट्रस प्रजाति के पेड़ हैं, जिनमें नींबू जैसे पौधे शामिल हैं। बस्तर के घने जंगलों, कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान और जगदलपुर के आसपास के क्षेत्रों में भी यह देखी जाती है।

🦋वहीं, स्पॉट स्वॉर्डटेल राज्य के घने जंगलों, राष्ट्रीय उद्यानों, वन्यजीव अभयारण्यों और मैदानी फूलों वाली घाटियों में अच्छी तादाद में पाई जाती है। अशोक का पेड़ इसका होस्ट प्लांट है। छत्तीसगढ़ में इसकी अच्छी उपस्थिति भी इसके चयन को प्रासंगिक बनाती है।

🦋राजकीय दर्जा ही पर्याप्त नहीं, प्राकृतिक आवास की सुरक्षा भी जरूरी-
राजकीय तितली के चयन में केवल उसकी सुंदरता या विशिष्टता ही नहीं बल्कि राज्य की जलवायु के साथ उसका अनुकूलन, प्राकृतिक उपलब्धता और व्यापक उपस्थिति भी विचारणीय पहलू हैं। ऐसी तितली, जिसे ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में भी सहजता से देखा जा सके, प्रदेश की जैव विविधता से लोगों का जुड़ाव बढ़ाने में अधिक प्रभावी भूमिका निभा सकती है।

किसी दुर्लभ या सीमित क्षेत्रों में पाई जाने वाली प्रजाति को राजकीय दर्जा देना अपने साथ संरक्षण की बड़ी जिम्मेदारी भी लाता है। उसके प्राकृतिक आवास, भोजन और अनुकूल भौगोलिक परिस्थितियों की उपलब्धता सुनिश्चित करना चुनौतीपूर्ण हो सकता है। यदि प्रकृति में उसके अनुकूल परिस्थितियां नहीं हैं, तो कृत्रिम वातावरण तैयार करना और उसे लंबे समय तक बनाए रखना व्यावहारिक रूप से कठिन हो सकता है।
इसलिए किसी भी जीव को उसके प्राकृतिक परिवेश में फलने-फूलने देना ही दीर्घकालिक और टिकाऊ संरक्षण का बेहतर रास्ता है। कृत्रिम व्यवस्थाओं के बजाय प्राकृतिक आवासों की सुरक्षा, नियमित सर्वेक्षण और प्रभावी संरक्षण योजनाओं को प्राथमिकता मिलनी चाहिए।
🦋राजकीय तितली: जैव विविधता का प्रतीक और पर्यावरण का संकेतक भी है
तितलियां पर्यावरण की सेहत का संकेत देती हैं। उनका संरक्षण केवल एक प्रजाति को बचाने तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे जंगलों, वनस्पतियों और पूरे पारिस्थितिकी तंत्र को लाभ मिलता है। राजकीय तितली छत्तीसगढ़ में इको-टूरिज्म, शोध और पर्यावरण शिक्षा को भी बढ़ावा देने का माध्यम बन सकती है। लेकिन इसके लिए प्रतीकात्मक पहचान के साथ ठोस संरक्षण प्रयास भी जरूरी हैं।
🐃 इस पहल के साथ एक बड़ा सवाल छत्तीसगढ़ के राजकीय पक्षी पहाड़ी मैना और राजकीय पशु वन भैंसा के अस्तित्व का भी है। जिनके संरक्षण पर करोड़ों रुपये खर्च किए जाने के बावजूद उनके अस्तित्व पर संकट बना हुआ है।एक रिपोर्ट के अनुसार, प्रदेश में पहाड़ी मैना की आबादी के दीर्घकालिक और वर्तमान वार्षिक रुझानों का आकलन करने के लिए पर्याप्त आंकड़े उपलब्ध नहीं हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि “मैना मित्र”बनाने की पहल के बाद ठीक ठाक सी संख्या दिख रही हैं।बहरहाल यह स्थिति संरक्षण के प्रयासों के साथ वैज्ञानिक निगरानी और ठोस परिणामों की समीक्षा की जरूरत भी बताती है।
🦋
राजकीय जीव चुनते समय किस आधार को सबसे अधिक महत्त्व मिलना चाहिए—उसकी दुर्लभता, क्षेत्रीय विशिष्टता, पारिस्थितिकी तंत्र में उसकी भूमिका या संरक्षण की जरूरत? क्या राजकीय पहचान ऐसी प्रजाति को मिलनी चाहिए, जो विशिष्ट होने के साथ-साथ राज्य के विभिन्न हिस्सों में प्राकृतिक रूप से सहजता से दिखाई देती हो, छत्तीसगढ़ की आबो हवा उनके लिए अनुकूल हो।
प्रकृति को कैमरे में कैद करना जितना सुंदर है, उसे उसके प्राकृतिक रूप में समझना और बचाना उतना ही जरूरी है। 🌿🦋
क्योंकि राजकीय तितली केवल एक प्रतीक नहीं बल्कि पहचान भी है जो छत्तीसगढ़ की जैव विविधता का प्रतिनिधित्व भी करती जिसके प्रति हमारी जिम्मेदारी है।
✍️Photo Gopa Sanyal

